जनपद इटावा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के बढ़ते दामों को लेकर जनता में भारी नाराजगी देखने को मिली। बढ़ती महंगाई के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार धरना प्रदर्शन किया।
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में “योगी मोदी मुर्दाबाद” जैसे तीखे नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लगातार बढ़ती पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि महंगाई की मार सबसे ज्यादा गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग पर पड़ रही है। रोजमर्रा की जरूरतों से लेकर यातायात तक हर चीज महंगी हो गई है, जिससे लोगों का घर चलाना मुश्किल हो रहा है।
धरना प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा। ज्ञापन में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दाम जल्द कम करने की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि सरकार ने जल्द फैसला नहीं लिया तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा।
फिलहाल इस प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है और जनता के बीच भी महंगाई का मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है।
Asp 24 न्यूज़
शिवम् आज़ाद









