औरैया जनपद के बिधूना क्षेत्र के ग्राम अलीपुर सरिया से एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है। आर्थिक रूप से साधारण परिवार में जन्मे अभिषेक कुमार जाटव ने अपनी मेहनत, लगन और संघर्ष के दम पर भारतीय रेलवे में लोको पायलट बनकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है।
अभिषेक की इस ऐतिहासिक सफलता पर गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। परिवारजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें धूमधाम से ट्रेनिंग के लिए रवाना किया। गांव में जश्न जैसा माहौल देखने को मिला और लोगों ने अभिषेक की उपलब्धि को समाज के युवाओं के लिए प्रेरणा बताया।
अभिषेक कुमार जाटव ने अपनी सफलता का श्रेय भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और शिक्षा को देते हुए कहा कि, “आज मैं जिस मुकाम पर पहुंचा हूं, उसका सबसे बड़ा श्रेय बाबा साहब के संघर्ष और उनके द्वारा दिए गए शिक्षा के अधिकार को जाता है।”
यह सफलता उन लोगों के लिए भी करारा जवाब है जो मानते हैं कि गरीब परिवारों के बच्चे बड़े सपने नहीं देख सकते। अभिषेक ने साबित कर दिया कि हौसले बुलंद हों तो गरीबी भी सफलता के रास्ते में दीवार नहीं बन सकती।
ASP 24 NEWS की ओर से अभिषेक कुमार जाटव को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।








